Saturday 12 September 2020

मलमास (अधिकमास) कृत्य एवं दान सामग्री

 मलमास (पुरुषोत्तम मास) में क्या करें, क्या न करें और कैसे करें?


1. पुरुषोत्तम मास की तिथ्यनुसार दान सामग्री :-

प्रतिपदा (एकम) के दिन चांदी के पात्र में घी रखकर दान करें। द्वितीया के दिन कांसे के पात्र में सोना दान करें। तृतीया के दिन चने, चने की दाल या उससे बना हुआ वस्तु का दान करें। चतुर्थी के दिन खारक का दान करना लाभदायी होता है। पंचमी के दिन गुड़ दान में दें। षष्टी के दिन अष्टगंध का दान करें। सप्तमी-अष्टमी के दिन रक्त चंदन का दान करना उचित होता है। नवमी के दिन केसर का दान करें। दशमी के दिन कस्तुरी का दान दें। एकादशी के दिन गोरोचन का दान करें। द्वादशी के दिन शंख का दान फलदाई है। त्रयोदशी के दिन घंटाल या घंटी का दान करें। चतुर्दशी के दिन मोती या मोती की माला दान में दें। पूर्णिमा/अमावस्या के दिन माणिक तथा रत्नों का दान करें।

2. दीपदान- मलमास या अधिक मास में दीपदान करने से जातक के जीवन में परेशानियों का अंधकार मिटता है और आशाओं का प्रकाश फैलता है।

3. घट दान और कांसे का सम्पुट : जल से भरे हुए घड़े का और कांसे के सम्पुट में मालपुओं का दान देना चाहिए। इस दान की महिमा के बारे में पुरुषोत्तम महात्म्य के 31वें अध्याय में बताया गया है। इसके दान से जातक को धन-धान्य की प्राप्ति होती है।



अधिकमास के आरम्भ के दिन क्या करें?

 इस मास में श्रीकृष्ण, श्रीमद्भगवतगीता, श्रीराम कथा और श्रीविष्णु भगवान के श्री नृःसिंह स्वरूप की उपासना विशेष रूप से की जाती है। जिस दिन मलमास का आरंभ हो रहा हो उस  दिन प्रात: स्नानादि से निवृत्त होकर भगवान सूर्य नारायण को पुष्प, चंदन अक्षत मिश्रित जल से अर्घ्य देकर पूजन करें। अधिक मास में शुद्ध घी के मालपुए बनाकर प्रतिदिन कांसी के बर्तन में रखकर फल, वस्त्र, दक्षिणा एवं अपने सामर्थ्य के अनुसार दान करें।

क्या करें? क्या न करें? - मलमास में विवाह संस्कार, मुंडन संस्कार, नववधु का गृह प्रवेश, यज्ञोपवीत संस्कारकरना, नये वस्त्रों को धारण करना आदि कार्य इस मास में नहीं करने चाहिये। इसके अतिरिक्त नई गाड़ी खरीदना, बच्चे का नामकरण-संस्कार करना, देव-प्रतिष्ठा करना अर्थात मूर्ति स्थापना करना, कूआं, तालाब या बावड़ी आदि बनवाना, बाग अथवा बगीचे आदि भी इस मास में नहीं बनाये जाते है। काम्य व्रतों का आरंभ भी इस मास में नहीं किया जाता है। भूमि क्रय करना, सोना खरीदना, तुला या गाय आदि का दान करना भी वर्जित माना गया है। अष्टका श्राद्ध का भी निषेध माना गया है। जो काम काम्य कर्म अधिकमास से पहले ही आरंभ किये जा चुके हैं, उन्हें इस माह में किया जा सकता है। शुद्धमास में मृत व्यक्ति का प्रथम वार्षिक श्राद्ध (पंजाब में जिसे वरीना कहा जाता है) किया जा सकता है। यदि कोई व्यक्ति अत्यधिक बीमार हो तो रोग की निवृति के लिए रुद्राभिषेक, महामृत्युंजयादि अनुष्ठान किया जा सकता है। कपिलाषष्ठी जैसे दुर्लभ योगों का प्रयोग, संतान जन्म के कृत्य, पितृ श्राद्ध, गर्भाधान, पुंसवन संस्कार तथा सीमांत संस्कार आदि किये जा सकते हैं। ऐसे संस्कार भी किये जा सकते हैं जो एक नियत अवधि में समाप्त हो रहे हों। इस मास में पराया अन्न और तामसिक भोजन का त्याग करना चाहिये।

जो व्यक्ति मलमास में पूरे माह व्रत का पालन करते हैं उन्हें भूमि पर ही सोना चाहिये। एक समय केवल सादा तथा सात्विक भोजन करना चाहिये। इस मास में व्रत रखते हुये भगवान विष्णु जी का श्रद्धापूर्वक पूजन करना चाहिये। संपूर्ण मास व्रत, तीर्थ स्नान, भागवत पुराण, ग्रंथों का अध्ययन विष्णु यज्ञ आदि करें। जो कार्य पूर्व में ही प्रारंभ किए जा चुके हैं, उन्हें इस मास में किया जा सकता है। इस मास में मृत व्यक्ति का प्रथम श्राद्ध किया जा सकता है। रोग आदि की निवृत्ति के लिए महामृत्युंजय, रूद्र जपादि अनुष्ठान किए जा सकते हैं। इस मास में दुर्लभ योगों का प्रयोग,  संतान जन्म के कृत्य, पितृ श्राद्ध, गर्भाधान, पुंसवन सीमंत संस्कार किए जा सकते हैं।  

No comments:

Post a Comment